Faridabad/Alive News: अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने जवाहर कॉलोनी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 52 पव्वा देसी और 40 पव्वा अंग्रेजी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जवाहर कॉलोनी निवासी मानव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जवाहर कॉलोनी में नाले के पास एक व्यक्ति बिना लाइसेंस या परमिट के अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और मानव को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 52 पव्वा अवैध देसी शराब और 40 पव्वा अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक, मानव शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
इस संबंध में थाना सारन में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

