October 2, 2026

फरीदाबाद में 5.100 किलो गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में 5.100 किलो गांजा बरामद करने के बाद क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी की कार्रवाई

Faridabad/Alive news: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 1 अक्टूबर को सेक्टर-29 के पास की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर फरीदाबाद की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-29 फरीदाबाद के पास घेराबंदी कर गॉफ्लुंग निवासी इम्फाल, मणिपुर, हाल निवासी घिटोरनी, दिल्ली को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ओल्ड फरीदाबाद में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी का एक दोस्त उसे दिल्ली में 10 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से गांजा देकर गया था। आरोपी इस गांजे को बेचने के लिए दिल्ली से फरीदाबाद आया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले फरीदाबाद में वेटर का काम कर चुका है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।