Faridabad/Alive News: सेक्टर-58 में युवक से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव सुनपेड, फरीदाबाद निवासी अजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-58 निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह सेक्टर-58 स्थित ठेके की दुकान के पास पकौड़े की दुकान लगाता है। 29 सितंबर की रात दुकान बंद करके घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर तीन युवक वहां पहुंचे और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था। तीनों ने शिकायतकर्ता से मोबाइल फोन छीना और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात और उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

