Faridabad/Alive News: जिले के राजकीय स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ साफ-सफाई और हरियाली पर भी जोर दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने हरित एवं स्वच्छ विद्यालय रेटिंग (एचएसवीआर) अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले के 379 राजकीय विद्यालयों को शामिल किया गया है। स्कूलों को निर्धारित मानकों के आधार पर अपने परिसर को साफ, सुंदर और हरा-भरा रखना होगा। बेहतर व्यवस्था वाले स्कूलों को अलग-अलग स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।
अभियान के तहत सबसे पहले स्कूलों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। इसके बाद स्कूल परिसर की साफ-सफाई, हरियाली और अन्य व्यवस्थाओं की तस्वीरें ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी। इन तस्वीरों और तय मानकों के आधार पर स्कूलों का मूल्यांकन किया जाएगा। रेटिंग की प्रक्रिया पहले विद्यालय स्तर पर होगी। इसके बाद खंड और जिला स्तर पर स्कूलों का आकलन किया जाएगा। विभाग का मानना है कि अभियान से स्कूलों में स्वच्छ वातावरण तैयार होने के साथ विद्यार्थियों में भी साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण की आदत विकसित होगी।
परियोजना समन्वयक सुरेश कुमार ने बताया कि सभी विद्यालयों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और निर्धारित मानकों के अनुसार परिसर को स्वच्छ व हरा-भरा रखने के निर्देश दिए गए हैं।

