Faridabad/Alive News: नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बल्लभगढ़ स्थित अटल कम्युनिटी सेंटर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 650 विद्यार्थियों और आमजन ने हिस्सा लिया और नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ एसीपी तिगांव, एसीपी बल्लभगढ़, सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वात्सल, बीईओ बल्लभगढ़ सतीश, डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. हेमा अरोड़ा, बल्लभगढ़ जोन के थाना प्रभारी और विभिन्न विभागों व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि पुलिस नशे की सप्लाई और डिमांड दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देने की अपील की। कार्यक्रम में अधिकारियों और विशेषज्ञों ने नशे के स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों और आमजन को जानकारी दी।
सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को समय पर उचित सहायता और उपचार मिलना जरूरी है। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में परिवार, स्कूल, पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका पर जोर दिया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वात्सल ने नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नशे के दुष्प्रभावों का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर करीब 650 विद्यार्थियों और आमजन को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई और जरूरतमंद लोगों को उचित सहायता व उपचार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में भाग लेने और बच्चों व युवाओं को शिक्षा, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।

