September 24, 2026

फरीदाबाद में वर्क फ्रॉम होम नौकरी के नाम पर 65 हजार की साइबर ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल द्वारा नौकरी के नाम पर साइबर ठगी के मामले में बरामद मोबाइल और ठगी की रकम।

Faridabad/Alive News: वर्क फ्रॉम होम नौकरी लगवाने का झांसा देकर 65 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 65 हजार रुपये और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ सक्सेना निवासी कमल विहार, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, धनराज निवासी गांव गांधीपुर, जिला मुंगेर, बिहार, हाल भागलपुर, बिहार, आकाश मिश्रा निवासी तोमर कॉलोनी, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, हाल जीवन नगर, फरीदाबाद और विनीत पाठक निवासी गांव फूलपुर, जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति वर्क फ्रॉम होम नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क सौरभ सक्सेना से हुआ। सौरभ ने उसे 100 प्रतिशत वर्क फ्रॉम होम नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके बदले 60 से 70 हजार रुपये देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता का ऑनलाइन इंटरव्यू करवाया और I Core E Services कंपनी के नाम से ई-मेल के जरिए नियुक्ति पत्र भेजा।

नौकरी लगने का भरोसा होने के बाद शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा बताए गए यूपीआई नंबर पर 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कंपनी की ओर से दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह नंबर भी बंद मिला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सौरभ ने शिकायतकर्ता को नौकरी के नाम पर कॉल की थी और ठगी की 65 हजार रुपये की रकम उसके खाते में आई थी। इसके बाद धनराज ने शिकायतकर्ता का ऑनलाइन इंटरव्यू लिया। पुलिस के अनुसार, जिस ई-मेल से कंपनी के नाम पर संदेश भेजा गया था, उसे आकाश ने तैयार किया था। वहीं, विनीत ने फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर तैयार कर उसी ई-मेल के जरिए शिकायतकर्ता को भेजा था।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।