September 24, 2026

दिल्ली में नाबालिग से रेप, 12 दिन में चौथा मामला: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद होटल बुलाया, आरोपी फरार

दिल्ली के वजीराबाद होटल में नाबालिग से रेप का मामला, पॉक्सो एक्ट में केस

New Delhi/Alive News: दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक होटल में नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और नाबालिग दोनों वजीराबाद इलाके के रहने वाले हैं। आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए लड़की से दोस्ती की और मंगलवार को उसे होटल में बुलाया।

घटना के बाद नाबालिग घर पहुंची और परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल कराया और उसका बयान दर्ज किया।

पुलिस ने नाबालिग के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

होटल के रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाबालिग को होटल में प्रवेश कैसे मिला। जांच टीम होटल का रजिस्टर, CCTV फुटेज और दूसरे रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी और होटल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

12 दिनों में नाबालिग से रेप के 4 मामले

दिल्ली में पिछले 12 दिनों में नाबालिगों से रेप के चार मामले सामने आए हैं।

12 सितंबर: स्वरूप नगर इलाके में 16 साल की नाबालिग से गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था। अगले दिन उसका शव खेत के पास खुले मैदान में मिला। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें तीन नाबालिग बताए गए।

16 सितंबर: सदर बाजार की एक दुकान में 10 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया। बच्ची स्टेशनरी खरीदने के लिए घर से निकली थी। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार किया।

21 सितंबर: कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया था।

दिल्ली में हर दिन बच्चों से यौन अपराध के 4 से ज्यादा मामले

NCRB के आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में दिल्ली में पॉक्सो एक्ट के तहत 1,553 मामले दर्ज हुए थे। यह औसतन हर दिन 4 से ज्यादा मामलों के बराबर है। 2025 की NCRB रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है।

NCRB के आंकड़ों के अनुसार, पॉक्सो मामलों में बड़ी संख्या में आरोपी पीड़ित को पहले से जानते हैं।