September 23, 2026

फरीदाबाद में निर्माणाधीन मस्जिद पर नगर निगम की कार्रवाई, महिलाओं ने किया विरोध; पुलिस से धक्का-मुक्की

फरीदाबाद के पल्ला गणपति कॉलोनी में निर्माणाधीन मस्जिद को ढहाने की नगर निगम की कार्रवाई के दौरान विरोध करती महिलाएं।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के पल्ला स्थित गणपति कॉलोनी में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने निर्माणाधीन मस्जिद को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय महिलाओं ने विरोध किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को पीछे हटाया, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों के बीच हुई धक्का-मुक्की का वीडियो भी सामने आया है।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, गणपति कॉलोनी में मस्जिद का निर्माण बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किया जा रहा था। निर्माण के लिए नगर निगम से नक्शा पास नहीं कराया गया था। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण का ज्यादातर काम पूरा हो चुका था और केवल लेंटर डालना बाकी था।

निगम की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस मिलने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।

नगर निगम के लीगल एडवाइजर सतीश आचार्य ने बताया कि मस्जिद का निर्माण नियमों के विपरीत किया जा रहा था। निगम की ओर से निर्माण रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बाद भी काम जारी रहा। इसके बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने निर्माणाधीन ढांचे को गिराने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया।

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान स्थानीय महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। महिलाओं ने निगम की कार्रवाई रोकने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए महिलाओं को पीछे हटाया। इसके बाद निगम की टीम ने निर्माणाधीन मस्जिद को ढहाने की कार्रवाई पूरी की।