September 21, 2026

अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फरीदाबाद सेक्टर-8 में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को जागरूक करते डॉ. अशोक कुमार वर्मा

Faridabad/Alive News: अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान, सेक्टर-8, फरीदाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और संस्थान के कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि शांति का मतलब केवल युद्ध का न होना नहीं है, बल्कि ऐसा समाज बनाना भी है, जहां हर व्यक्ति स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशामुक्त समाज का निर्माण स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। ऐसे में नशे के खिलाफ जनभागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति जागरूकता से संबंधित पोस्टर का अनावरण किया गया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने संस्थान की प्राचार्या मीनू वर्मा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अपने घर और समाज तक पहुंचाएं।

डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति के साथ तिरस्कार का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे व्यक्ति को परिवार के सहयोग, उपचार और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है। उन्होंने छात्राओं को नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने और जरूरत पड़ने पर नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार व पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं और प्रशिक्षिकाओं को नशे से दूर रहने तथा आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा डॉ. अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में साइकिल जागरूकता यात्रा भी निकाली गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

डॉ. वर्मा ने बताया कि नशे से संबंधित सूचना या सहायता के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 और हरियाणा नारकोटिक्स हेल्पलाइन 9050891508 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण भी किया गया।