Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने खाताधारक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। मामले में मोबाइल फोन हैक होने के बाद पीड़ित के बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाले गए थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव तिगांव निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया था। इसके बाद 31 अगस्त 2026 को उसके बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 60 हजार रुपये निकाल लिए गए।शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साइबर ठगी के 60 हजार रुपये मुदित पारिक, निवासी श्रीरामपुरा पारिक मोहल्ला, जिला जयपुर, राजस्थान के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने उसे खाताधारक के रूप में गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश जाखड़, निवासी गांव पनवालियां, जिला नागौर, राजस्थान और नेमाराम, निवासी गांव गुलाबपुरा, जिला नागौर, राजस्थान ने उक्त बैंक खाता साइबर ठगी में शामिल आरोपियों को उपलब्ध करवाया था। पुलिस के अनुसार, नेमाराम, मुकेश जाखड़ की बुआ का लड़का है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुदित पारिक को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं मुकेश जाखड़ और नेमाराम को आगे की पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस मामले में साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और पैसों के लेन-देन की भी जांच कर रही है।

