September 16, 2026

फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़, चोरी के मामलों में वांछित दो बदमाश घायल

आगरा कैनल रोड पर पुलिस मुठभेड़ में घायल चोरी के आरोपी सोनू और राहुल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में आगरा कैनल रोड पर देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-85 और सेंट्रल क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने थाना खेड़ी पुल क्षेत्र में 15/16 सितंबर की रात की। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश फरीदाबाद में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम को सूचना मिली थी कि चोरी की वारदातों में वांछित दो बदमाश फरीदाबाद में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आगरा कैनल रोड पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर करीब 5-6 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाशों की पहचान सोनू और राहुल, निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत सामान्य है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, सोनू के खिलाफ दिल्ली में लूट और घरों में चोरी समेत करीब 26 मामले दर्ज हैं। वहीं राहुल के खिलाफ करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपी फरीदाबाद के थाना ओल्ड फरीदाबाद और थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में भी वांछित बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के एक साथी शिवम, निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम देने की जानकारी मिली थी।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद फरीदाबाद और अन्य स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों के संबंध में और खुलासे हो सकते हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।