Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने दोनों आरोपियों को नीमका जेल से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना पल्ला में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने 14 सितंबर को रहीश उर्फ अमरूद्दीन, निवासी मामूद नगर, जिला अलीगढ़ और सकील, निवासी गांव सूरतगढ़, जिला अलीगढ़, हाल निवासी गोंडा रोड, निबरी मोड़, अलीगढ़ को नीमका जेल से प्रोडक्शन पर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों पल्ला क्षेत्र में एक मकान में चोरी के मामले में जेल में बंद थे।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पल्ला क्षेत्र के एक अन्य मकान में भी चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस अब इस मामले में भी आगे की कार्रवाई कर रही है और चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

