Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में त्योहारी सीजन से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में एक घर पर कार्रवाई करते हुए 83 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि न्यू तिलपत कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपने घर में बिक्री के लिए अवैध पटाखे छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई की और रोहताश (55), निवासी न्यू तिलपत कॉलोनी, फरीदाबाद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घर से कुल 83 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इन पटाखों को आगरा, उत्तर प्रदेश से करीब 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी त्योहारी सीजन में इन पटाखों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी में था।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों की जानकारी पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस कंट्रोल नंबर 9999150000, 129-2227200, डायल 112 या स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

