September 14, 2026

बर्फ की फैक्ट्री से सामान चोरी, महिला कबाड़ी समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: NIT-2 स्थित बर्फ की फैक्ट्री से सामान चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने महिला कबाड़ी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विनय (31), रवि (22), राकेश (27), विष्णु (27) और एक महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 2 किलो 850 ग्राम कॉपर की तार बरामद की है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, NIT-05 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी टाउन नंबर-2 में शिकायत दी थी कि उसकी NIT-2 में बर्फ की फैक्ट्री है। फैक्ट्री से चार मोटर, कॉपर की तार और अन्य लोहे का सामान चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं। उन्हें पता था कि फैक्ट्री काफी समय से बंद पड़ी है। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने 9/10 सितंबर की रात फैक्ट्री की दीवार फांदकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी का सामान एक महिला कबाड़ी को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 2 किलो 850 ग्राम कॉपर की तार बरामद की गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।