Faridabad/Alive News: सेक्टर-58 स्थित एक रबर कंपनी से कॉपर वायर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-59 निवासी सचिन और गौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर वायर के दो बंडल बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-64 निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि उसकी सेक्टर-58 में रबर कंपनी है। 12 सितंबर को कंपनी से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉपर वायर के दो बंडल चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए सचिन और गौरव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं और एक निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 11 सितंबर की रात कंपनी की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और कॉपर वायर के दो बंडल चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों बंडल बरामद कर लिए हैं। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

