Faridabad/Alive News: शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत AVTS भूपानी और अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने अलग-अलग मामलों में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ऑटो चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
थाना भूपानी क्षेत्र में 6/7 सितंबर की रात ऑटो चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच AVTS भूपानी की टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने सचिन निवासी गांव बादशाहपुर, फरीदाबाद को गांव टीकावली के पास से चोरी के ऑटो सहित गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि सचिन पहले मोटर मैकेनिक का काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसका काम छूट गया था। इसके बाद उसने 6/7 सितंबर की रात ऑटो चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने थाना सराय ख्वाजा में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में ईमतियाज (42) निवासी गांव बड़खल, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को जाजरू मोड़ से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

