International/Alive News: ओमान के तट के पास रविवार को कमर्शियल जहाज MT El Gaia पर हमला हुआ। जहाज पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, इनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
विदेश मंत्रालय ने जहाज पर हुए हमले की निंदा की है। मंत्रालय के अनुसार, ओमान में भारतीय दूतावास पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और ओमानी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। हालांकि, अभी तक हमले की जिम्मेदारी अमेरिका या ईरानी सेना की ओर से नहीं ली गई है।
होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी जहाज भी आया चपेट में
इसी बीच रविवार सुबह ईरान के केश्म द्वीप के पास एक ईरानी कार्गो जहाज पर भी हमले की खबर सामने आई। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट में आता है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और चार लोग घायल हुए। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया गया।
केश्म के गवर्नर हुसैन अमीरतेइमूरी ने ईरानी मीडिया से कहा कि जहाज को एक प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया और इसके लिए अमेरिका को जिम्मेदार बताया।
ईरान-ओमान के बीच होर्मुज को लेकर समझौता
इसी बीच ईरान और ओमान ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही के लिए नए समुद्री रास्ते को लेकर समझौता किया है। ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, दोनों देशों ने होर्मुज से जहाजों के आने-जाने के रास्ते को लेकर सहमति बनाई है।
इस समझौते की जानकारी सोमवार को ओमान की राजधानी मस्कट में होने वाली क्षेत्रीय बैठक में खाड़ी देशों को दी जा सकती है। इसके बाद नई व्यवस्था की जानकारी अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन को भी दी जाएगी।
नया रास्ता ईरान के क्षेत्रीय जल से होकर गुजरेगा
रिपोर्ट के अनुसार, नए समझौते के तहत खाड़ी देशों से होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश करने वाला समुद्री रास्ता पूरी तरह ईरान के क्षेत्रीय जल से होकर गुजरेगा। बाहर निकलने वाले रास्ते का कुछ हिस्सा भी ईरानी क्षेत्रीय जल में रहेगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद होर्मुज का दक्षिणी समुद्री रास्ता बंद किया जा सकता है। यह अमेरिका की उस मांग से अलग है, जिसमें जहाजों की आवाजाही के लिए ओमान के पास वाले रास्ते के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।
होर्मुज स्ट्रेट क्यों है अहम?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है और यहां से बड़ी मात्रा में तेल और अन्य सामान का समुद्री परिवहन होता है।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच इस क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षा और आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में ओमान के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला और होर्मुज में समुद्री मार्ग को लेकर ईरान-ओमान का नया समझौता क्षेत्रीय तनाव के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

