Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से शहर में तीन दिवसीय भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 14 से 16 सितंबर तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल सजाया गया है, जहां तीनों दिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस बार गणेश महोत्सव में बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर समेत हरवंश रघुवंशी, प्रखर और साज मल्होत्रा जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। धार्मिक आस्था के साथ संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का यह संगम शहरवासियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में पिछले 11 वर्षों से गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष आयोजन को पहले से अधिक भव्य बनाने का प्रयास किया जाता है। इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
सीएम और राज्यपाल समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
तीन दिवसीय गणेश महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल सहित सांसद, विधायक और अन्य मंत्री भी शामिल होंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महोत्सव के दौरान गणपति पूजन, आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं शाम के समय सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कैलाश खेर और अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से गणेश महोत्सव को यादगार बनाएंगे।
16 सितंबर को होगा समापन
14 सितंबर से शुरू होने वाला यह तीन दिवसीय गणेश महोत्सव 16 सितंबर तक चलेगा। अंतिम दिन विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस बार गणेश उत्सव को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है। फरीदाबाद के लोगों को यहां धार्मिक आस्था, संस्कृति और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

