Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की पॉश ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रिहायशी मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ डिस्ट्रिक्ट टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट (DTCP) ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने मॉल रोड पर पहुंचकर करीब 30 से 35 रिहायशी मकानों पर रेस्टोरेशन ऑर्डर चस्पा किए हैं। संबंधित लोगों को व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है।
DTCP के जेई रहमान ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी की इस सड़क को मॉल रोड के नाम से जाना जाता है। यहां कई रिहायशी मकानों में नियमों के विपरीत कमर्शियल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभाग की ओर से इन लोगों को पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
अब कार्रवाई के अगले चरण में करीब 30 से 35 यूनिट पर रेस्टोरेशन ऑर्डर लगाए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मकानों को उसी उपयोग के लिए बहाल करना होगा, जिसके लिए उन्हें मंजूरी दी गई थी। यानी रिहायशी मकानों में चल रही सभी व्यावसायिक गतिविधियों को बंद करना होगा।
DTCP ने संबंधित मकान मालिकों और संचालकों को आदेश का पालन करने के लिए 7 दिन का समय दिया है। इस अवधि के दौरान उन्हें मकानों से कमर्शियल गतिविधियां हटाकर उन्हें दोबारा आवासीय उपयोग के अनुसार करना होगा।
नियम नहीं माने तो होगी सीलिंग
जेई रहमान ने बताया कि यदि 7 दिन के भीतर रेस्टोरेशन ऑर्डर का पालन नहीं किया गया तो विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। संबंधित इमारतों को सील किया जा सकता है। इसके अलावा आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पहले 70 यूनिट को मिल चुका है नोटिस
विभाग के अनुसार, मॉल रोड पर इससे पहले करीब 70 यूनिट को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब इन मामलों में कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। DTCP ने साफ किया है कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी सहित जहां भी रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलती मिलीं, वहां कार्रवाई जारी रहेगी।

