September 13, 2026

बारिश के बाद बढ़ा डेंगू-स्‍वाइन फ्लू का खतरा, जिले में 18 स्वाइन फ्लू मरीज  

Faridabad/Alive News: बारिश के बाद जिले में मच्छरजनित बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू के मामले भी सामने आने लगे हैं। शनिवार को डेंगू का एक और स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सर्विलांस बढ़ा दिया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में डेंगू के 13, मलेरिया के 3 और स्वाइन फ्लू के 18 मरीज मिल चुके हैं।

मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की करीब 40 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर मच्छरों के लार्वा की जांच और सैंपलिंग कर रही हैं। टीमों की ओर से घरों और आसपास के क्षेत्रों में कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, खाली बर्तनों समेत उन सभी स्थानों की जांच की जा रही है, जहां बारिश के बाद पानी जमा हो सकता है। लार्वा मिलने पर संबंधित लोगों को पानी जमा न होने देने की हिदायत दी जा रही है। अब तक विभाग की ओर से 1825 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

बुखार और खांसी को नजरअंदाज न करें
स्वाइन फ्लू के 18 मामले सामने आने के बाद विभाग इस बीमारी को लेकर भी निगरानी कर रहा है। तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच कराने की सलाह दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने लोगों से अपील की है कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।