September 12, 2026

न्यायालय द्वारा उद्घोषित आरोपी वृंदावन से गिरफ्तार, बल्लभगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उद्घोषित किए गए आरोपी को थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने वृंदावन, मथुरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 10 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महेंद्र, मालिक मेसर्स कालका रियल एस्टेट डेवलपर्स, निवासी गांव पेंगलटू, तहसील होडल, जिला पलवल के खिलाफ जेएमआईसी फरीदाबाद की अदालत में मामले की सुनवाई चल रही थी। आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहा था।

इसके बाद अदालत के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धारा 82 सीआरपीसी के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। उद्घोषणा की तामील और प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित 30 दिन की अवधि भी समाप्त हो गई, लेकिन आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद अदालत ने 20 अप्रैल 2026 को महेंद्र को उद्घोषित व्यक्ति (Proclaimed Person) घोषित कर उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। अदालत के आदेशों के तहत थाना शहर बल्लभगढ़ की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए उसे 10 सितंबर को वृंदावन, मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।