September 11, 2026

फरीदाबाद में दो नाबालिग समेत चार वाहन चोर काबू, चोरी की 2 बाइक और स्कूटी बरामद

फरीदाबाद में वाहन चोरी के मामलों में पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिल और स्कूटी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए दो नाबालिगों सहित चार वाहन चोरों को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र में अप्रैल 2025 में दर्ज वाहन चोरी के मामले में AVTS सिकरोना की टीम ने मोसिम उर्फ बवा निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।

वहीं, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में हुई वाहन चोरी के मामले में भोले, निवासी पल्ला, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

इसके अलावा अपराध शाखा NIT ने थाना मुजेसर क्षेत्र में अगस्त 2026 में हुई वाहन चोरी के मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद की गई है। दोनों नाबालिगों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने तीन वाहन चोरी के मामलों का खुलासा कर कुल दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।