New Delhi/Alive News: देशभर में बैंक कर्मचारी आज 5-डे वर्किंग समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने लंबे समय से लंबित पांच दिन कार्य सप्ताह की मांग को लेकर एक दिन की हड़ताल का आह्वान किया है।
हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी। इससे SBI, PNB, यूनियन बैंक समेत सरकारी बैंकों और कुछ अन्य बैंक शाखाओं में ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।
हालांकि, बैंकिंग हड़ताल के दौरान UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। बैंक ग्राहकों से आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले से निपटाने की अपील कर रहे हैं।
2 साल से लंबित है 5-डे बैंकिंग की मंजूरी
UFBU का कहना है कि मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुए समझौते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी। प्रस्ताव के अनुसार सभी शनिवार को बैंक बंद रहेंगे और इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक कर्मचारियों के कार्य समय में प्रतिदिन 40 मिनट की बढ़ोतरी की जाएगी।
यूनियनों के अनुसार, IBA की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेजा गया था, लेकिन अब तक वित्त मंत्रालय से अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।
PLI स्कीम को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी
बैंक यूनियनों ने नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम का भी विरोध किया है। उनका आरोप है कि नई व्यवस्था में वरिष्ठ अधिकारियों और निचले स्तर के कर्मचारियों के बीच इंसेंटिव को लेकर बड़ा अंतर रखा गया है।
यूनियनों का कहना है कि PLI बैंक के कुल प्रदर्शन के आधार पर तय होनी चाहिए और सभी कर्मचारियों को समान आधार पर इसका लाभ मिलना चाहिए। इस विवाद को लेकर मामला मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष सुलह प्रक्रिया में लंबित है और इसे दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गई है।
पेंशन और पुरानी पेंशन योजना की भी मांग
बैंक यूनियनों ने पेंशन से जुड़ी कई पुरानी मांगें भी दोहराई हैं। इनमें सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन अपडेशन, एक समान महंगाई भत्ता व्यवस्था और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) चुनने का विकल्प देने की मांग शामिल है।
UFBU ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर से देशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है।

