Faridabad/Alive News: सराय टोल प्लाजा के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच लगी ग्रिल से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें दोनों युवक बाइक से तेज रफ्तार में जाते दिखाई दे रहे हैं। घुमावदार सड़क पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर की ग्रिल से जा टकराई। इसके बाद बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती दिखाई देती है।
मृतकों की पहचान सोनू (24) और सन्नी (22) के रूप में हुई है। दोनों फरीदाबाद की कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब पौने 4 बजे दोनों बाइक से दिल्ली स्थित कालकाजी मंदिर जा रहे थे। सोनू बाइक चला रहा था, जबकि सन्नी पीछे बैठा था।
बताया गया है कि सन्नी ब्लू डार्ट कंपनी में काम करता था, जबकि सोनू छात्र था। सन्नी शादीशुदा था और उसके एक बच्चा भी है। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि सिर में गंभीर चोटें लगना मौत की बड़ी वजह माना जा रहा है।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में आई गंभीर चोटें मौत का कारण मानी जा रही हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

