September 10, 2026

फरीदाबाद में वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, 6 गिरफ्तार; चोरी की 5 मोटरसाइकिल बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार वाहन चोरी के आरोपित और बरामद मोटरसाइकिलें

फरीदाबाद, 10 सितंबर। फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा NIT ने थाना डबुआ में मई 2023 में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में नरेश निवासी गांव पाली को गिरफ्तार कर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की। इसी तरह अपराध शाखा सेक्टर-48 ने थाना सूरजकुंड क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले में आलिम निवासी बड़खल और आमिर निवासी SGM नगर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

AVTS-2 की टीम ने थाना भूपानी क्षेत्र के वाहन चोरी मामले में फैजल निवासी अजय नगर, मथुरा को गिरफ्तार कर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, AVTS सिकरोना की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल के मामले में मोहित निवासी सुनहेरा, डीग राजस्थान, हाल निवासी समयपुर फरीदाबाद को गिरफ्तार किया और बाइक बरामद की।

इसी प्रकार अपराध शाखा सेक्टर-30 ने थाना पल्ला के वाहन चोरी मामले में हरविंद्र सिंह निवासी नॉर्थ वेस्ट दिल्ली को गिरफ्तार कर चोरीशुदा बाइक बरामद की।

पुलिस के अनुसार, अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया और चोरी की 5 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।