Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के गांव फतेहपुर चंदीला स्थित एक राशन डिपो पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद राशन के स्टॉक में भारी अंतर मिला। गेहूं, चीनी और सरसों के तेल की मात्रा रिकॉर्ड के मुकाबले काफी कम पाई गई है।
विभाग की अधिकारी हेमलता ने बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार डिपो में 134 क्विंटल गेहूं होना चाहिए था, लेकिन मौके पर केवल 49 क्विंटल गेहूं मिला। इस तरह जांच में 85 क्विंटल गेहूं कम पाया गया। जांच के दौरान सरसों के तेल के स्टॉक में भी बड़ा अंतर सामने आया। रिकॉर्ड में 373 लीटर सरसों का तेल दर्ज था, जबकि मौके पर एक लीटर भी तेल नहीं मिला।
इसी तरह ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार डिपो में 484 किलोग्राम चीनी होनी चाहिए थी, लेकिन जांच के समय केवल 200 किलोग्राम चीनी मिली। यानी रिकॉर्ड के मुकाबले 284 किलोग्राम चीनी कम पाई गई।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार फतेहपुर चंदीला स्थित अग्रराम राशन डिपो में राशन के गबन की शिकायत मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया।
जांच में भारी अंतर मिलने के बाद डिपो संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7, 10 और 55 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लाइसेंस रद्द करने की भी तैयारी
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच की विस्तृत रिपोर्ट जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर राशन डिपो का लाइसेंस रद्द करने और संबंधित संचालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

