September 9, 2026

तीन दिन से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब, गर्भवती महिलाओं को निजी सेंटरों का सहारा

Faridabad/Alive News: जिला अस्पताल में पिछले तीन दिनों से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने के कारण गर्भवती महिलाओं की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल में जांच के लिए पहुंचने वाली महिलाओं का अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। 

जिला अस्पताल में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन से केवल गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती थी। मशीन के चालू रहने के दौरान रोजाना करीब 40 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जाता था। मशीन खराब होने के बाद इन महिलाओं को बाहर से जांच करवानी पड़ रही है। जिन महिलाओं को मशीन खराब होने की जानकारी नहीं है, उन्हें सूचित करने के लिए अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर नोटिस भी लगाया गया है।

मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल में कम खर्च में जांच की सुविधा मिलने से उन्हें राहत मिलती है। मशीन खराब होने के कारण अब निजी सेंटरों पर जांच कराने से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। महिलाओं ने अस्पताल प्रबंधन से मशीन को जल्द ठीक करवाकर अल्ट्रासाउंड सुविधा बहाल करने की मांग की है।