Faridabad/Alive News: थाना मुजेसर पुलिस ने ड्यूटी से घर लौट रहे एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे शिकायतकर्ता मुजेसर क्षेत्र में चौधरी ढाबा के पास गणेश धर्मकांटा पहुंचा था। उस समय वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पीछे से आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों निखिल, जॉर्ज और आलोक को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और वारदात के लिए अपने एक दोस्त से मोटरसाइकिल लेकर आए थे। मौका मिलते ही उन्होंने शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन छीना और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी जॉर्ज के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपी निखिल से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

