Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पहले मामले में सेक्टर-65 निवासी चंद्रशेखर राय ने थाना मुजेसर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह सेक्टर-24 स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कंपनी में काम करते हैं, जहां कास्टिंग बनाने का कार्य होता है।
शिकायत के अनुसार, 4 सितंबर की शाम कंपनी के गेट के पास कुछ कास्टिंग रखी गई थीं। अगले दिन सुबह कंपनी पहुंचने पर कास्टिंग गायब मिलीं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय कंपनी परिसर से उन्हें चोरी कर लिया था।
मामला दर्ज होने के बाद अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी सदाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
वहीं दूसरे मामले में थाना आदर्श नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली की तार चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी आसिफ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया है। मामले में आगे की पूछताछ और अन्य जानकारियां जुटाने के लिए आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

