Chandigarh/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने फरवरी/मार्च 2027 में होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए नए परीक्षा केंद्र स्थापित करने हेतु आवेदन मांगे हैं। इच्छुक विद्यालय 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि राजकीय, अनुदान प्राप्त और स्थायी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय अपने भवन में नया परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए निर्धारित शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालयों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से परीक्षा केंद्र स्थापना फॉर्म डाउनलोड कर उसे पूरी तरह भरना होगा। आवेदन संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की सिफारिश के साथ 30 सितंबर 2026 तक बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा।
भवन और CCTV की व्यवस्था जरूरी
आवेदन के साथ विद्यालय भवन की योजना देना अनिवार्य होगा। जिस हिस्से को परीक्षा केंद्र के लिए इस्तेमाल किया जाना है, उसे भवन के नक्शे में स्पष्ट रूप से दिखाना होगा। हॉल और कमरों की स्थिति तथा प्रत्येक कमरे का माप भी दर्ज करना जरूरी है।
नए परीक्षा केंद्र के लिए विद्यालय भवन मुख्य सड़क के पास होना चाहिए। इसके अलावा विद्यालय में कुल 16 CCTV कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इनमें 13 कैमरे कमरों में, एक कंट्रोल रूम या केंद्र अधीक्षक कक्ष में और दो कैमरे विद्यालय परिसर की निगरानी के लिए लगाए जाने आवश्यक हैं। परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त डेस्क की व्यवस्था भी जरूरी होगी।
न्यूनतम परीक्षार्थी और शुल्क तय
बोर्ड के अनुसार सेकेंडरी परीक्षा के नए केंद्र के लिए कम से कम 200 परीक्षार्थियों की आवश्यकता होगी। वहीं सीनियर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र के लिए न्यूनतम 150 परीक्षार्थी होना जरूरी है।
नया परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए विद्यालय को 12,000 रुपये परीक्षा केंद्र स्थापना शुल्क और 3,000 रुपये निरीक्षण शुल्क जमा कराना होगा। बोर्ड ने कहा है कि नए परीक्षा केंद्र स्थापित करने से जुड़े सभी नियम, शर्तें और विस्तृत दिशानिर्देश हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

