Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के साथ जिले में वायरल बीमारियों का असर बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को डेंगू के तीन और स्वाइन फ्लू के एक नए मरीज की पुष्टि की है। इसके बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 12 और स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 16 हो गई है। डेंगू के तीनों नए मरीजों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीज भी निजी अस्पताल में इलाज करा रहे है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू के नए मरीज सामने आने के बाद उनके घर और आसपास के इलाकों में एंटी लार्वा गतिविधियां कराई गईं। टीमों ने संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच कर लार्वा को नष्ट कराया। साथ ही मरीजों के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई। अब तक डेंगू को लेकर 1810 से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर चुका है। वहीं, पांच हजार से अधिक लोगों की डेंगू की जांच की जा चुकी है। जांच में अब तक 12 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में निगरानी के साथ एंटी लार्वा गतिविधियां भी कर रही हैं।
बुखार होने पर जांच कराने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि परिवार में किसी व्यक्ति को बुखार होने पर इसे सामान्य वायरल मानकर नजरअंदाज न करें। चिकित्सक की सलाह से डेंगू और मलेरिया की जांच कराएं। वहीं, बुखार के साथ खांसी-जुकाम जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार स्वाइन फ्लू की जांच भी कराई जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए स्वाइन फ्लू मरीज को बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत थी। निजी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह पर जांच कराने के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे पहले सामने आए 15 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और अधिकांश को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

