Faridabad/Alive News: सेक्टर-75 के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूटने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-15ए निवासी शिकायतकर्ता 5/6 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे अपनी कार से घर लौट रहा था। वह डिस्कवरी चौक से सेक्टर-75 की ओर जा रहा था। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही एक टैक्सी ने उसकी कार के सामने वाहन रोक दिया।
इसके बाद टैक्सी चालक और उसके साथी ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर युवक वहां पहुंचे और सभी ने मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मोबाइल फोन, करीब 6 हजार रुपये नकद और आधार कार्ड लेकर आरोपी फरार हो गए।
मामले में थाना बीपीटीपी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल ने कार्रवाई करते हुए नवीन, सागर, संजीव उर्फ संजू, आकाश, रविन्द्र उर्फ दीपक और गोपाल को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रविन्द्र और आकाश गलत दिशा से वाहन लेकर आ रहे थे। दोनों ने शिकायतकर्ता की कार के सामने अपना वाहन रोका और विवाद शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुलाया। पुलिस के अनुसार, नवीन, सागर, संजू और गोपाल मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों ने मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की तथा उसका मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी रविन्द्र और आकाश को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

