August 29, 2026

जानलेवा हमला और गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-8 क्षेत्र में वर्ष 2025 में युवक और उसके भाई पर जानलेवा हमला करने तथा गाड़ी में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-7 की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2025 की रात शिकायतकर्ता दर्शन अपने दोस्त के साथ सेक्टर-7/10 मार्केट में घरेलू सामान लेने के लिए रुका था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों युवकों ने दर्शन के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

दर्शन का भाई योगेंद्र मलिक भी अपने दोस्त अतुल के साथ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। कुछ देर बाद 3-4 मोटरसाइकिलों और दो गाड़ियों में करीब 8-9 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दर्शन और उसके भाई पर हथियारों से हमला किया और ईंट-पत्थर मारकर थार गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि मोहित उर्फ टुन्ची निवासी गांव बड़ौली, फरीदाबाद की मोटरसाइकिल शिकायतकर्ता की गाड़ी से टकराने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद मोहित ने अपने साथी विकास निवासी गांव बड़ौली, फरीदाबाद और अन्य युवकों को मौके पर बुलाया। पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने शिकायतकर्ता और उसके भाई के साथ मारपीट की तथा गाड़ी में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।