Faridabad/Alive News: दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने के प्रयास के एक मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने, जबरदस्ती अपने साथ ले जाने, दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने तथा रुपये और चेक लेने के आरोप हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नाहर सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी रोहित उपाध्याय ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक हरकेश से दोस्ती हुई थी। हरकेश की पुत्री अंजू को शिकायतकर्ता ने एक कंपनी में नौकरी पर लगवाया था। इसी दौरान शिकायतकर्ता और अंजू के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को उसके जन्मदिन के अवसर पर वह अंजू के साथ एक होटल में गया था। करीब एक घंटे बाद अंजू का भाई करण अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचा और वहां हंगामा करते हुए शिकायतकर्ता को जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर शिव हरिजन कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। शिकायत के अनुसार, वहां शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की गई और उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
इसी दौरान आरोपी हरकेश ने शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन से 80 हजार रुपये अंजू के फोन में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद आरोपी करण और उसका साथी शिकायतकर्ता को उसके घर लेकर गए और वहां से उसकी चेकबुक लेकर वापस अपने घर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की राशि का एक चेक भरवाकर उस पर हस्ताक्षर करवाए। इसके अलावा पांच अन्य खाली चेकों पर भी हस्ताक्षर करवाए गए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की रकम देने का दबाव बनाया तथा रकम नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी हरकेश और आरोपी करण को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरकेश को घटनाक्रम की जानकारी होने के बाद उसने अपने बेटे आरोपी करण तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से रुपये ऐंठने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था और दोनों आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर नहीं लिया गया है।

