August 20, 2026

फरीदाबाद में 1050 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद, नशा तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार

फरीदाबाद में 1050 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद कर आरोपित गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने 1050 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से नशीली गोलियां खरीदकर पल्ला क्षेत्र में बेचने की फिराक में था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को नशा तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नया पल्ला पुल के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1050 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान अली शेर निवासी गांव कादरीबाग, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मयूर विहार, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ये टैबलेट दिल्ली से खरीदकर लाया था और पल्ला क्षेत्र में इन्हें बेचने के लिए खड़ा था।

पुलिस ने बरामद नशीली टैबलेट को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ और मामले की आगे की जांच के लिए उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान नशीली दवाइयों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।