Faridabad/Alive News: उपायुक्त आयुष सिन्हा ने 27 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों, स्कूल-कॉलेजों, औद्योगिक संगठनों, ग्रामीण क्षेत्रों, खेल संस्थानों और अन्य हितधारकों को सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपने विभागीय नेटवर्क, कर्मचारियों और संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। आयोजन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ आयोजित होगी।
इच्छुक प्रतिभागी मैराथन की जानकारी और ऑनलाइन पंजीकरण के लिए www.faridabadhalfmarathon.in पर आवेदन कर सकते हैं।
डीसी ने शिक्षा विभाग को सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों को मैराथन से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। निजी स्कूलों को अभिभावक और कक्षा स्तर के व्हाट्सऐप समूहों के जरिए आयोजन का संदेश प्रसारित करने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों के माध्यम से लोगों को मैराथन के प्रति जागरूक किया जाएगा। डीसी ने पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित कर लोगों को नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों, श्रमिकों और औद्योगिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों और श्रमिकों को स्वस्थ जीवनशैली तथा फिटनेस के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें मैराथन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को स्वास्थ्य और फिटनेस के संदेश के साथ उत्साह एवं उमंग से भरपूर आयोजन बनाया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए विभिन्न गतिविधियों, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, कैप, गुडी बैग और प्रमाण-पत्र जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
उन्होंने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों, खेल संस्थाओं और आम नागरिकों से स्वयं मैराथन में भाग लेने तथा परिवार, मित्रों और सहकर्मियों को भी प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी उषा कुंडु, डीसीपी एनआईटी उत्तम, नगर निगम जॉइंट कमिश्नर अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

