Prabhjot kour/Alive News
Faridabad: एनआईटी-3 की झुग्गियों में बने गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। एक तरफ स्कूल की पुरानी इमारत की दीवारों में दो से तीन इंच तक की दरारें और गैप दिखाई दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ स्कूल के ठीक सामने गहरा नाला बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। ऐसे में अभिभावकों को किसी अनहोनी की चिंता सता रही है। बढ़कल विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुरी एनआईटी-3 स्थित यह गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल काफी पुराना है। स्कूल की पिछली दीवारों में जगह-जगह बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं। कई जगह दो से तीन इंच तक के गैप दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ हिस्सों से दीवार का प्लास्टर भी झड़ चुका है। इससे दीवार कमजोर नजर आ रही है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का कहना है कि इस स्कूल की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
सामने से गुजर रहा गहरा नाला
स्कूल की दीवार के साथ ही सामने से गहरा नाला गुजर रहा है। स्कूल के बाहर दोनों तरफ से आने वाले नाले के एक हिस्से को फिलहाल ऊपर से अस्थायी तौर पर ढका गया है। इसके बावजूद स्कूल के सामने नाला बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। छुट्टी के समय बच्चों की भीड़ और खेलते वक्त किसी बच्चे के नाले में गिरने की आशंका बनी रहती है।
वर्जन
जिले में कई सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जिन्हें मरम्मत की जरूरत है। विभाग की ओर से ऐसे स्कूलों की पहचान कर उनकी रिपोर्ट तैयार कर आगे भेज दी गई है। वहीं, स्कूलों की मरम्मत के लिए बजट भी तय कर लिया गया है। जल्द ही इन स्कूलों में मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।
– बसंत कुमार ढिल्लों, डीईईओ

