Faridabad/Alive News: ह्यूमन लिगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन की ओर से महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी रहीं। मेयर प्रवीण जोशी और पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
उषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की रीढ़ नहीं, बल्कि समाज की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महिलाओं को सुरक्षा, शिक्षा और समान अवसर मिलने से समाज मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि बेटियों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिला आयोग की ओर से हर जिले में ‘आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं और बेटियों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में सुनकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नियमित रूप से विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में यथार्थ हॉस्पिटल के डॉ. बालकिशन और डॉ. अजय भारद्वाज ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सहयोग दिया। इसके अलावा पौधरोपण, पारंपरिक तीज कार्यक्रम और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजकों ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से परंपरा, महिला सम्मान, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह की सामाजिक गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प लिया।

