August 15, 2026

बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन

Faridabad/Alive News: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बल्लभगढ़ में उपमंडल कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित किया गया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने ध्वजारोहण किया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन-बान-शान के लिए वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। स्वतंत्रता दिवस हमें शहीदों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का अवसर देता है।

शहीद परिवारों का सम्मान

ध्वजारोहण के बाद विधायक ने शहीद स्मारक पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद परिवारों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और पीटी परेड में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

देश की प्रगति में योगदान देने की अपील

मूलचंद शर्मा ने कहा कि भारत आज दुनिया में मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव जैसे कार्यों में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है और इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीसीपी प्रतीक अग्रवाल, तहसीलदार भूमिका, बीडीओ अंशू डागर, खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी सहित प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।