August 14, 2026

ऑपरेशन ट्रैकडाउन: फरीदाबाद में 4 आरोपित गिरफ्तार, 4 देसी कट्टे बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा ऑपरेशन ट्रैकडाउन में बरामद चार अवैध देसी कट्टे

Faridabad/Alive News: अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन लगातार जारी है। अभियान के तहत 13 अगस्त को अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 4 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने गांव धौज निवासी अकरम (43) को नया गांव धौज से अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अकरम के खिलाफ पहले से अवैध हथियारों से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं।

इसी तरह अपराध शाखा NIT की टीम ने मोहित (30) निवासी एसजीएम नगर को टाउन नंबर-3 स्थित दशहरा ग्राउंड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।

अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने राहुल (27) निवासी लेनपुरा मोहल्ला, पलवल को सराय बाईपास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया।

वहीं अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने शिवा (32) निवासी खड्डा कॉलोनी, फरीदाबाद को सराय बाईपास से गिरफ्तार किया। उसके पास से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने चारों आरोपितों के कब्जे से बरामद हथियारों को जब्त कर लिया है। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।