August 10, 2026

बदरपुर बॉर्डर से 49.72 ग्राम स्मैक सहित युवक गिरफ्तार, बिहार से खरीदकर लाया था नशा, 7 दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद में 49.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार आरोपी सौरभ।

Faridabad/Alive News: नशा तस्करों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध शाखा बॉर्डर की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र से एक युवक को 49.72 ग्राम स्मैक (मध्यम मात्रा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ (21 वर्ष), निवासी गांव हैबतपुर, नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 अगस्त को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली-मथुरा रोड स्थित बदरपुर बॉर्डर के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खड़ा है और उसे आगे सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से 49.72 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी सौरभ ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक बिहार से किसी व्यक्ति से करीब 50,000 रुपये में खरीदकर लाया था और इसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की योजना बना रहा था।

अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा आपूर्ति नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लायर और डिलीवरी पॉइंट के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।