Faridabad/Alive News: सेक्टर-25 स्थित फैक्ट्री के मैनहोल की सफाई करने उतरे एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। जबकि दूसरे की भी हालत गंभीर है। बेहोश हुए सफाईकर्मी को पुलिस ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में रहने वाले असलम और बंटी सीवर की सफाई का काम करते हैं।
सोमवार को सेक्टर-25 स्थित प्लॉट नंबर 132 के मालिक ने
दोनों को अपने फैक्ट्री के मैनहोल की सफाई के लिए बुलाया था। दोनों सुबह 10 बजे मैनहोल सफाई करने के लिए पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर बने मैनहोल में दोनों को बिना सेफ्टी किट के उतार दिया गया था। सफाई के दौरान फैक्ट्री का कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। कुछ ही देर में दोनों का दम घुटने लगा। दोनों ने मदद की गुहार लगाई।
लोगों ने दोनों को मैनहोल से बाहर निकालने का प्रयास किया
आसपास के लोगों ने दोनों को मैनहोल से बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर असलम और बंटी को बाहर निकाला। असलम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बंटी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। असलम की उम्र 34 साल और बंटी की 37 साल है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद फैक्ट्री मालिक ने अपने नाम का बोर्ड भी हटा दिया। सेक्टर-58 थाना प्रभारी ने बताया कि स्वजन की शिकायत ले ली गई है। जांच पड़ताल करके फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। इससे पहले भी सीवर में दम घुटने से युवक की मौत हो चुकी है।

