August 8, 2026

अभिजीत दीपके बोले- स्वतंत्रता दिवस पर PM युवाओं को संबोधित करें, शिक्षा-बेरोजगारी पर बताएं सरकार के कदम

Abhijeet Deepke appeals to PM Modi to address youth on Independence Day

New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस स्वतंत्रता दिवस पर देश के युवाओं को संबोधित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं को बताएं कि सरकार शिक्षा, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर क्या कदम उठा रही है।

दीपके ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री से युवाओं के मुद्दों पर सीधे बात करने की मांग की। उन्होंने पोस्ट के साथ एक ऑनलाइन पिटीशन का लिंक भी शेयर किया और लोगों से इसे साइन करने की अपील की।

शनिवार सुबह 4 बजे तक इस पिटीशन पर 32 हजार से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया।

सितंबर से देशभर में अभियान चलाने की तैयारी

अभिजीत दीपके ने बताया कि CJP सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करेगी। उन्होंने गुरुवार को महाराष्ट्र के संभाजीनगर में इसकी घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता गांवों और शहरों में जाकर युवाओं से बातचीत करेंगे। इस दौरान बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

36 दिन जंतर-मंतर पर चला था धरना

नीट पेपर लीक मामले को लेकर अभिजीत दीपके और उनकी पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से 25 जुलाई तक धरना दिया था। पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन लगातार 36 दिनों तक चला।

25 जुलाई को तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने धरना समाप्त करने की घोषणा की थी।

CJP ने नेशनल वर्किंग कमेटी के नाम घोषित किए

CJP ने गुरुवार को अपनी नेशनल वर्किंग कमेटी के सदस्यों के नामों की घोषणा भी की। पार्टी ने कहा कि अगले छह महीनों में देशभर में राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर की समन्वय इकाइयों का गठन किया जाएगा।

पार्टी का कहना है कि इन संगठनात्मक इकाइयों के जरिए युवाओं से जुड़े मुद्दों को देशभर में उठाया जाएगा।