September 18, 2026

गाली-गलौच के बाद युवक की गर्दन पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत; अपचारी बालक अभिरक्षा में

Faridabad Cyber Cell recovered 38 lost mobile phones

Faridabad/Alive News: दीपावली एन्क्लेव में गाली-गलौच के बाद एक युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ओम एनक्लेव, अगवानपुर निवासी रामलोट ने पुलिस चौकी नवीन नगर में शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, 7/8 अगस्त की मध्यरात्रि को उनके बेटे किशोरी कनौजिया के दोस्त दीपक का फोन आया था। दीपक ने बताया कि किशोरी कनौजिया को एक लड़के ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। इसके बाद किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी अपचारी बालक को अभिरक्षा में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 7/8 अगस्त की रात मृतक किशोरी कनौजिया और अपचारी बालक अभिरक्षा में लिए गए आरोपी के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौच हो गई थी। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तैश में आकर किशोरी की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी मौके से भाग गया था।

पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।