Chamba/Alive News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हुआ। यात्रियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 50 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। मृतकों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।
घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीसा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार, निजी बस सुबह करीब 7 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बैरागढ़ से कुछ दूरी पर चालुंज मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद बस करीब 50 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
SP विजय कुमार सकलानी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत करीब 18 लोग सवार थे।
बस में 6 बच्चे भी थे
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस में 4 से 18 साल की उम्र के 6 बच्चे भी सवार थे। बस का नंबर HP-73-A-2101 बताया गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस पलटने के बाद अंदर बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और कई लोग बस में फंस गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से बस को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रत्येक घायल को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। मृतकों के परिवारों को भी नियमानुसार जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे में 7 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

