Faridabad/Alive News: जिले में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश का असर अब सरकारी स्कूलों में भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को कई स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति सामान्य दिनों के मुकाबले कम रही। स्कूल परिसरों और आसपास की सड़कों पर जलभराव होने से कई स्टूडेंट
को स्कूल पहुंचने में परेशानी हुई, जबकि कई स्कूल ही नहीं आए।
सेहतपुर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लगातार बारिश के कारण पास के नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर स्कूल परिसर तक पहुंच गया। नाला पूरी तरह भरा होने के कारण स्कूल से बाहर आ रहे स्टूडेंट के लिए उसमें गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
स्कूल के बाहर जलभराव और कीचड़ के कारण स्टूडेंट को आने में काफी दिक्कत हुई और कई देरी से स्कूल पहुंचे।
ऐसी ही स्थिति एनआईटी-5, एनआईटी-3, एनआईटी-2, अगवानपुर, सराय ख्वाजा और ओल्ड फरीदाबाद के कई सरकारी स्कूलों में भी देखने को मिली। इन स्कूलों के बाहर जलभराव के कारण बच्चों की संख्या सामान्य दिनों से कम रही।
एनआईटी-1 मेट्रो मोड़ स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र कुमार
ने बताया कि शुक्रवार को पहले दो दिनों के मुकाबले ज्यादा बारिश हुई। इसका असर बच्चों की स्कूल में उपस्थिति पर पड़ा और आधे से ज्यादा क्लास खाली रही।
वर्जन
बारिश की वजह से कुछ ही स्कूलों में बच्चों की संख्या कम रही है। बाकी ज्यादातर स्कूलों में पिछले तीन दिनों से बच्चे नियमित रूप से आ रहे हैं।
– अंशु सिंगला, डीईओ

