August 6, 2026

एक्वा लाइन के दो नए रूटों के सिविल निर्माण के लिए कंपनी का चयन

Noida/Alive News: नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा लाइन के दो नए रूटों के सिविल निर्माण के लिए कंपनी का चयन कर लिया है। लार्सन एंड टुब्रो को 2970 करोड़ रुपये का यह टेंडर दिया गया है। गुरुवार को खोली गई फाइनेंशल बिड में 9 कंपनियों के बीच L&T का चयन हुआ।

दो बार री टेंडर होने के बाद अब करीब एक महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि पूरा निर्माण कार्य एलिवेटेड ट्रैक के रूप में होगा। L&T निर्माण कार्य करेगी, जबकि सुपरविजन एनएमआरसी खुद करेगी। लाखों यात्रियो को मिलेगी सहूलियत

इस विस्तार से दिल्ली और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर बेहद आसान हो जाएगा। दिल्ली से ब्लू लाइन और मजेंटा लाइन से आने वाले यात्री बॉटेनिकल गार्डन से सीधे सेक्टर-142 के लिए मेट्रो ले सकेंगे। वर्तमान में यात्रियों को बॉटेनिकल गार्डन से पहले सेक्टर-52 जाना पड़ता है और फिर वहां से पैदल सेक्टर-51 एक्वा लाइन स्टेशन पहुंचकर ग्रेटर नोएडा की मेट्रो पकड़नी पड़ती है। नया रूट बनने से इस झंझट से मुक्ति मिलेगी। वहीं, बोड़ाकी विस्तार से रेलवे स्टेशन तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

एक रूट मजेंटा लाइन के बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक जाएगा, जिसकी दूरी 12.5 किमी होगी। इसकी कुल लागत 2254.35 करोड़ रुपये है। इसमें बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज के स्टेशन शामिल होंगे। वहीं, दूसरा रूट ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक जाएगा, जिसकी दूरी 2.6 किमी होगी। इसकी कुल लागत 416 करोड़ रुपये है। इसमें स्टेशन जुनपत और बोड़ाकी रेलवे स्टेशन शामिल होंगे।