Faridabad/Alive News: हरियाणा महिला स्वर्णकार संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-19 स्थित युवा स्वर्णकार समाज के संयोजक अंकुश वर्मा और महिला संगठन की सचिव पिंकी वर्मा के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और महिलाओं की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में हरियाणा महिला स्वर्णकार संगठन की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस अधिकारी सुनीता वर्मा, प्रदेश महासचिव एडवोकेट सपना वर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. अनीता सोनी सहित समाज के कई पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सुनीता वर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर में आयोजित होने वाले महिला स्वर्णकार समाज के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
डॉ. अनीता सोनी ने कहा कि संगठन हरियाणा महिला आयोग, पिछड़ा वर्ग आयोग और अन्य महत्वपूर्ण बोर्डों व निगमों में स्वर्णकार समाज की महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
प्रदेश महासचिव एडवोकेट सपना वर्मा ने कहा कि शिक्षा और संस्कार समाज की प्रगति का आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा में महिला संगठन सामाजिक नेतृत्व निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक पिंकी वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करने और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

