August 5, 2026

शिक्षिका संध्या हत्याकांड पर कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक, स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

Faridabad/Alive News: सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका संध्या की हत्या के बाद कांग्रेस के फरीदाबाद जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और स्कूल का भी दौरा किया।

इसके बाद दोनों नेताओं ने फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और कानून के अनुसार कड़ी सजा की मांग की। साथ ही उन्होंने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, प्रवेश व्यवस्था सख्त करने और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

बलजीत कौशिक ने कहा कि स्कूल परिसर में दिनदहाड़े हुई यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उनके अनुसार, इस घटना से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल जैसे स्थान पर हुई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने निष्पक्ष और त्वरित जांच के साथ दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल के पास पुलिस चौकी होने के बावजूद आरोपी का फरार हो जाना चिंता का विषय है।

दोनों नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और राज्य सरकार को सभी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार लागू करने चाहिए, ताकि शिक्षक, छात्र और कर्मचारी सुरक्षित माहौल में काम और पढ़ाई कर सकें।

इस दौरान विनोद वर्मा, सुनीता फागना, गजना लांबा, अश्वनी कौशिक, संदीप वर्मा, मनीष बौद्ध और जुबेर खान सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।