Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने महिला टीचर की हत्या के मामले में तेज कार्रवाई करते हुए वारदात के सिर्फ 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एवीटीएस सिकरौना टीम ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर की।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि 3 अगस्त की सुबह सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक महिला टीचर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतका के पति विकास की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव कोट फरीदाबाद निवासी 21 वर्षीय अमित को गिरफ्तार किया। आरोपी दूध बेचने का काम करता है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि करीब दो साल पहले मृतका एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी, जहां उसकी आरोपी से जान-पहचान हुई थी। आरोपी लगातार महिला का पीछा करता था, जबकि महिला उससे दूरी बनाना चाहती थी। महिला ने आरोपी को चेतावनी दी थी कि अगर उसने पीछा नहीं छोड़ा तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत करेगी। इसके बाद महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी 3 अगस्त की सुबह मोटरसाइकिल से सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचा और स्कूल के अंदर महिला पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

